अवैध कॉलोनियों में प्लॉट लेकर परेशान हैं लोग, खेतों को पूरकर बसा दी कॉलोनी, कहीं से कोई अनुमति नहीं
शहर में चारों तरफ अवैध कॉलोनियों का जाल बिछा हुआ है। सस्ती दरों पर अवैध कॉलोनी बनाने वाले तथा कथित बिल्डर लोगों को प्लाॅट बेचकर गायब हो जाते हैं। प्लाॅट खरीदने वाले इन अवैध कॉलोनियों में रजिस्ट्री लेकर अपने प्लाॅटों को तलाश करते रहते हैं। कागज का टुकड़ा ही उनके हाथ में लगता है और मौके पर उन्हें प्लाॅट नहीं मिलते। अवैध कॉलोनियों में प्लाॅट लेने वाले हजारों की संख्या में लोग अभी भी भटक रहे हैं। जमीन की जंग, भास्कर के संग में अवैध कॉलोनियों में प्लाॅट लेने वालों की अनेक शिकायतें प्राप्त हुई हैं। अवैध कॉलोनियों में जिन लोगों ने किसी तरह अपने मकान बना भी लिए हैं तो वे मूलभूत सुविधाओं के लिए आज भी तरस रहे हैं।
अवैध कॉलोनियों में भू-खण्ड खरीदकर बिल्डर की ठगी के शिकार होने की शिकायतें लेकर बहुत लोग आ रहे हैं। इनमें ज्यादातर शिकायतकर्ता ऐसे हैं, जिन्होंने शहरी और उपनगरीय क्षेत्रों में बन रही अवैध कॉलोनियों में भू-खण्ड खरीदे हैं। पीड़ितों का कहना है कि कई बिल्डर्स व कॉलोनाइजर कम कीमतों पर प्लॉट दिलवाने की बात कहते हैं और यदि उनसे कॉलोनी विकास के लिए संबंधित दस्तावेजों के बारे में पूछा जाता है तो वे यह कहकर आश्वस्त कर देते हैं कि सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएँ होने के बाद अनुमति जल्द से जल्द मिल जाएगी। बिल्डर की बातों में आकर कई लोग प्लॉट खरीद लेते हैं। यही नहीं कई तो भू-खण्ड पर मकान बनाकर रहना भी शुरू कर देते हैं, लेकिन समय बीतने के साथ उन्हें इस बात का अहसास होता है कि वे अवैध कॉलोनियों में निवास कर रहे हैं, जहाँ न तो उन्हें मूलभूत सुविधाएँ मुहैया हो पाती हैं और न ही शासन के रिकॉर्ड में उनका नाम भूमि स्वामी के रूप में दर्ज हो पाता है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा ठगी
जबलपुर शहर के अमखेरा क्षेत्र से लेकर पनागर, मदन महल, संजीवनी नगर, चंदन कॉलोनी, धनवंतरी नगर से लगा इलाका, सुहागी, कंचनपुर, रांझी, महाराजपुर, माढ़ोताल, लमती, चौकीताल, तिलहरी, गौर, भेड़ाघाट, गौर से बरगी रोड, बरेला, सिहोरा, कटंगी, पाटन, तिलहरी के अलावा बायपास क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियाँ कट रही हैं। अनेक स्थानों पर अचानक तथाकथित बिल्डर आते हैं और खेतों में प्लॉट काटने के बाद लोगों को तरह-तरह का लालच देकर ठगी करते हैं। ऐसे ही अनेक बिल्डरों ने इन इलाकों में अवैध प्लाॅटिंग कर मूलभूत सुविधाओं से वहाँ के लोगों को विहीन कर रखा है।
इन क्षेत्रों से लगातार आ रहीं शिकायतें
दैनिक भास्कर के अभियान के तहत भेड़ाघाट नगर पंचायत के अंतर्गत ग्राम चौकीताल एवं भड़पुरा, कंचनपुर, संजीवनी नगर, चंदन कॉलोनी के अलावा गौर इलाके से अवैध प्लाटिंग की शिकायतें आ रही हैं।
ग्रीन बेल्ट की भूमि बेची| वहीं एक मामले में ग्राम चौकीताल के राजेश कुमार, सुनील, शुभम सहित अनेक लोगों ने शिकायतें की हैं कि उन्हें ग्र्रीन बेल्ट की जमीन में प्लाॅटिंग कर बेच दी गई है।
फिर से बेचरहे हमारे प्लाॅट
स्कूल में टीचर के पद पर कार्यरत शिक्षकों ने किसी तरह संजीवनी नगर चंदन कॉलोनी के समीप प्लाॅट खरीदे और उसके बाद मकान बनाने की तैयारी कर ही रहे थे कि अचानक दूसरा बिल्डर आ गया और उसके द्वारा फिर से नपाई कराते हुए उन्हीं के प्लाॅटों को बेचने की साजिश करने लगा। यह बात प्लाॅट मालिक जुगल किशोर तिवारी, राजेश कुमार, परमलाल विश्वकर्मा, सोबरन सिंह विश्कर्मा, भगवतशरण विश्वकर्मा को पता चली तो बिल्डर रवीन्द्र दुबे, अभय प्यासी के द्वारा जबरन हक जताने का काम किया जाने लगा। वहीं पूर्व बिल्डर मनीष पटैल के द्वारा किसी तरह का सहयोग नहीं दिया गया। जिसके कारण परेशान होकर पीड़ितों ने जमीन की जंग में शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।
अवैध कॉलोनियों का निर्माण करने वाले बिल्डरों के विरुद्ध एफआईआर कराई गई है और आगे की कार्रवाई अभी जारी है।
-अजय शर्मा, कॉलोनी सेल प्रभारी नगर निगम
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31AUifp
via IFTTT
Comments
Post a Comment